Dumka: झारखंड के दुमका जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। हंसडीहा थाना क्षेत्र के बढ़ेत पंचायत के बरदेही गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
कैसे हुआ हत्याकांड?
स्थानीय लोगों के अनुसार, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या घर के अंदर सोते समय धारदार हथियार से की गई। वहीं पति का शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। सुबह जब ग्रामीण रोज़ की तरह शौच के लिए बाहर निकले, तो उन्होंने चारों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर दिया गया। शवों की स्थिति देखकर यह साफ है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान इस प्रकार है—
- बीरेंद्र मांझी (30 वर्ष)
- आरती कुमारी (24 वर्ष)
- रोही कुमारी (4 वर्ष)
- विराज कुमार (2 वर्ष)
बीरेंद्र के पिता मनोज मांझी ने बताया कि लगभग छह साल पहले बीरेंद्र और आरती की शादी हुई थी। परिवार शांतिपूर्ण तरीके से जीवन बिता रहा था। ऐसे में इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेन्सिक टीम को बुलाया है। घर और आस-पास के क्षेत्र की गहन जांच की जा रही है। पुलिस हत्या के कारण और हत्यारों की तलाश में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Also Read: 48 करोड़ का GST नोटिस सुनवाई के बाद सिमटा 98 हजार में, AT-DEV PRABHA को बड़ी राहत






