Ranchi: राजधानी रांची में पब्लिक टॉयलेट की गंदगी, पानी की कमी और खराब रख-रखाव से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रांची नगर निगम अब शहर में आधुनिक तकनीक से लैस पे-एंड-यूज स्मार्ट टॉयलेट लगाने जा रहा है। इन टॉयलेट में सिक्का डालते ही दरवाजा अपने-आप खुलेगा और हर उपयोग के बाद ऑटो-फ्लश सिस्टम टॉयलेट को साफ कर देगा।
स्मार्ट टॉयलेट से खत्म होगी गंदगी की समस्या
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में प्रतिदिन हजारों लोग आते-जाते हैं, लेकिन पब्लिक टॉयलेट की खराब स्थिति बड़ी समस्या बनी हुई थी। स्मार्ट टॉयलेट इस समस्या का समाधान है, जो न केवल साफ-सफाई सुनिश्चित करेगा बल्कि गलत उपयोग को भी रोकने में मदद करेगा। यह सिस्टम इस तरह बनाया गया है कि मशीन में सिक्का डालने के बाद ही दरवाजा अनलॉक होगा, जिससे अनावश्यक उपयोग पर नियंत्रण रहेगा और टॉयलेट हमेशा साफ-सुथरा मिलेगा।
धुर्वा में लगेगा पहला स्मार्ट टॉयलेट, होगा ट्रायल
स्मार्ट टॉयलेट प्रोजेक्ट के तहत पहला टॉयलेट धुर्वा इलाके में लगाया जाएगा। शुरुआत में कुछ हफ्तों तक इसका ट्रायल चलेगा, जिसमें इन बिंदुओं की परीक्षण होगा—
- मशीन की क्षमता
- पानी की उपलब्धता
- ऑटो-फ्लश सिस्टम
- उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया
यदि ट्रायल सफल रहता है, तो पूरे रांची में ऐसे टॉयलेट लगाने की योजना लागू की जाएगी। इसके लिए बाजार, पार्क, बस स्टैंड, और व्यस्त सड़कें चिन्हित की जा रही हैं।
पानी नहीं होने पर नहीं खुलेगा दरवाजा
स्मार्ट टॉयलेट की खास बात यह है कि यदि किसी दिन पानी की कमी हो जाती है, तो सिक्का डालने के बावजूद दरवाजा नहीं खुलेगा। इससे गंदगी और दुर्गंध फैलने की समस्या से बचा जा सकेगा।






