रांची : कड़ाके की ठंड और शीतलहरी से जनता को राहत देने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने सभी 24 जिलों को कुल 79 लाख रुपये की राहत राशि जारी कर दी है, ताकि जिला प्रशासन तुरंत अलाव जलाने और अन्य आपात राहत कार्य शुरू कर सके। यह राशि हर जिले में आवश्यकता अनुसार वितरित की जाएगी जिससे सभी उपयुक्त अपने-अपने क्षेत्र में ठंड से निपटने के लिए अलाव तथा अन्य आवश्यक राहत कार्य तुरंत शुरू कर सके।
चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था
मंत्री ने बताया कि ठंड का सबसे अधिक असर गरीब, बेघर और असहाय लोगों पर पड़ता है। इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया कि मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही रात में चलंत टीमों की तैनाती करने का आदेश भी दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए राहत राशि बिना किसी देरी के जारी कर दी गई है। ठंड की भयावता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
Also Read :झारखंड में आयुष्मान योजना के तहत अब मिलेगा 15 लाख तक का मुफ्त इलाज






