Ranchi: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाज़ी देखने को मिल रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर सीधा हमला बोला है। पार्टी ने मरांडी को चुनौती देते हुए कहा है कि यदि वे भाजपा सांसद ढुल्लू महतो पर उंगली भी डालेंगे, तो उनकी “कुर्सी और राजनीति दोनों दिल्ली से ही खत्म हो जाएगी।” झामुमो ने पोस्ट में लिखा कि देशभर में ढुल्लू महतो और उनके रसूख को हर कोई जानता है, इसलिए उन पर उंगली उठाने का साहस भी बाबूलाल मरांडी नहीं कर सकते।
एलबी सिंह को लेकर भी तंज
झामुमो ने कोयला कारोबारी एलबी सिंह का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनके साथ बाबूलाल मरांडी के “नाते-रिश्ते जगजाहिर” हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि आने वाले दिनों में यह उजागर होगा कि किस चुनाव में किसने कितना लिया और किन-किन साथियों ने उनसे क्या-क्या हासिल किया।
पार्टी ने आगे लिखा—“आज जब राज्य सरकार ने इनके (ढुल्लू महतो) काले कारनामों और धंधे पर कार्रवाई शुरू की, तो आप प्रेस के सामने चंपक की कहानियां सुनाने लगे। घाटशिला में भाजपा को 40,000 की रिकॉर्ड हार दिलाने के बाद अगर जरा सी भी शर्म होती, तो आप कुर्सी छोड़ देते। पर आप ऐसा करेंगे नहीं, यह सबको पता है।”
मरांडी के आरोपों के बाद बढ़ी राजनीतिक गरमाहट
धनबाद में कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी के बाद बाबूलाल मरांडी ने सरकार और प्रशासन पर अवैध कोयला कारोबार को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि राज्य में अवैध खनन बड़े पैमाने पर सरकार के संरक्षण में चल रहा है।
इसके बाद सोशल मीडिया पर बाबूलाल मरांडी और कोयला कारोबारी एलबी सिंह की तस्वीरें वायरल हुईं, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया। अब झामुमो की इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक घमासान और तेज होने के आसार हैं।






