Ranchi: झारखंड के सरकारी स्कूलों में कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा वर्ष 2025-26 के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी और 31 मार्च 2026 से पहले रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद, वित्तीय वर्ष 2026-27 से परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी JCERT (झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) को सौंप दी जाएगी। JCERT वर्ष 2027 से बदले हुए पैटर्न पर परीक्षा आयोजित करेगा।
JAC ने कहा—नए पैटर्न के लिए समय कम
सोमवार को विकास आयुक्त के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने बताया कि आलोच्य वर्ष की परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, लेकिन नया परीक्षा पैटर्न लागू करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि 2018 के निर्देशों के अनुरूप फिलहाल ओएमआर आधारित परीक्षा ही संभव है। इसके बाद विभाग ने इस वर्ष की जिम्मेदारी JAC को सौंपने पर सहमति जताई।
बैठक में मौजूद रहे प्रमुख अधिकारी
बैठक में JAC के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा, सदस्य मथुरा महतो, नागेंद्र महती, विकास आयुक्त, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह और माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद शामिल रहे।
बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय
- कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा इस वर्ष JAC आयोजित करेगा।
- 31 मार्च 2026 से पहले परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा।
- अगले वर्ष से परीक्षा JCERT आयोजित करेगा।
- परीक्षा पैटर्न में बदलाव 2027 से लागू होगा।
कक्षा 1 से 7 तक की परीक्षा 16 दिसंबर से
राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 7 तक की वार्षिक परीक्षा 16 दिसंबर 2025 से प्रस्तावित है।
पिछले वर्ष नहीं हुई थीं कई परीक्षाएं
पिछले वर्ष राज्य में 8वीं, 9वीं और 11वीं की हाफ-इयरली परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी थी।
मैट्रिक और इंटर की प्री-बोर्ड परीक्षा भी नहीं हुई थी, जिसके बाद विभाग ने इस वर्ष विस्तृत परीक्षा कैलेंडर तैयार किया था।
हालांकि JAC ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि इन परीक्षाओं का आयोजन पारंपरिक रूप से JAC ही करता रहा है। इसके बाद विभाग ने JAC से परीक्षा योजना मांगी, जिस पर JAC ने दो प्रस्ताव सौंपे—
- दो टर्म में परीक्षा लेने का सुझाव
- नया परीक्षा पैटर्न लागू करने का प्रस्ताव
Also Read: 54 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ, घरेलू दर में 3.45 रुपए प्रति यूनिट बढ़ोतरी का प्रस्ताव






