रांची : भोजपुरी के सुपरस्टार और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी आने वाली फिल्म ‘मुर्गा ट्रॉफी’ से जुड़े कई अहम अपडेट साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग झारखंड के खूबसूरत लोकेशन पर तेजी से चल रही है और राज्य की नैसर्गिक सुंदरता इस फिल्म की कहानी के लिए बिल्कुल उपयुक्त साबित हो रही है।
झारखंड जैसा प्राकृतिक माहौल कहीं नहीं
निरहुआ ने बताया कि उनकी टीम ने कई राज्यों का दौरा किया था, लेकिन ‘मुर्गा ट्रॉफी’ की संवेदनशील, सच्चाई पर आधारित और भावनात्मक कहानी को शूट करने के लिए झारखंड जैसा प्राकृतिक माहौल कहीं और नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यहां की हरी-भरी वादियाँ, गांवों का असली जीवन, स्थानीय संस्कृति और लोगों का अपनापन किसी भी कहानी को और ज्यादा जीवंत बना देता है।
फिल्म पूरी तरह पारिवारिक और प्रेरणादायक
उन्होंने बताया कि फिल्म का विषय पूरी तरह पारिवारिक और प्रेरणादायक है। इसमें एक बच्चे के संघर्ष, उसके सपनों और उसके हौसले को केंद्र में रखा गया है। यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सार्थक संदेश देने वाली फिल्म है। फिल्म में काम कर रहे सभी बाल कलाकार झारखंड के हैं और इनमें से ज्यादातर पहली बार कैमरे के सामने अभिनय कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सादगी और प्राकृतिक अभिनय शैली फिल्म को खास बनाएगी।
झारखण्ड को संस्कृति फिल्म को अलग लुक दे रही
प्रोडक्शन टीम के सदस्यों ने भी बताया कि शूटिंग कई लोकेशनों पर लगातार जारी है और स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ग्रामीण माहौल, प्राकृतिक हरियाली और झारखंड की विविध संस्कृति फिल्म के लुक को एक अलग ऊंचाई दे रही है।
2026 में पूरी हो जाएगी फिल्म
निरहुआ ने कहा कि ‘मुर्गा ट्रॉफी’ मार्च 2026 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगी, और इसके बाद दर्शक इसे सिनेमाघरों में देख सकेंगे। उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में नई पहचान बनाएगी और बच्चों की संघर्ष कहानी लोगों के दिलों को जरूर छुएगी। उन्होंने मीडिया और दर्शकों से फिल्म को प्यार और समर्थन देने की अपील की, ताकि झारखंड में फिल्म निर्माण को और बढ़ावा मिल सके और यहां की प्रतिभाएँ राष्ट्रीय पटल पर और आगे बढ़ सकें।
Also Read: झारखंड में बढ़ेगी ठंड , 15 दिसंबर के बाद चल सकती है शीतलहर






