RPF ने बरामद किए 35 जीवित कछुए, वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

By Neha

Published On:

Date:

RPF ने बरामद किए 35 जीवित कछुए, वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

धनबाद : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बुधवार को धनबाद रेल मंडल में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन WILEP के तहत बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने योगनगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस की महिला कोच से इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के 35 जीवित कछुए बरामद किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कछुओं की कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना

धनबाद RPF पोस्ट की टास्क टीम वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर स्टेशन परिसर में नियमित जांच कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि दून एक्सप्रेस के गार्ड ब्रेक से सटे महिला डिब्बे में कछुओं की तस्करी की जा रही है।

सूचना मिलते ही टीम प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची और ट्रेन के रुकते ही महिला कोच की तलाशी शुरू कर दी। जांच के दौरान सीट के नीचे कपड़े के तीन लावारिस थैले मिले। कोच में मौजूद महिला यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी थैलों पर दावा नहीं किया।

थैलों में मिले जूट की बोरी में बंद कछुए

जब RPF टीम ने थैलों को खोला, तो उनमें से जूट की बोरियों में बंद 35 जीवित कछुए मिले। टीम ने सभी कछुओं को तुरंत जब्त कर धनबाद पोस्ट ले जाया और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम जल्द ही धनबाद स्टेशन पहुंची और कछुओं को RPF से अपने सुपुर्द लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

Leave a Comment