धनबाद: झरिया के सिंह नगर स्थित तेजन सिंह तालाब के पास शुक्रवार को एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। तेज उठती लपटों और घने धुएं को देखते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम जलकर खाक होने लगा। यह गोदाम धनबाद गांधी रोड निवासी दीपक साव का बताया जा रहा है, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, कबाड़ और अन्य स्क्रैप सामान रखा गया था।
मौके पर पहुंची पुलिस
गोदाम मालिक दीपक साव ने बताया कि उन्हें फोन पर आग की खबर मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही झरिया पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
लेकिन गोदाम में प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलें झेलनी पड़ीं। इस बीच स्थानीय लोगों ने भी मदद की और आग की लपटों को देखते हुए आसपास के घरों व दुकानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
करीब 70–80 लाख रुपये का नुकसान
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील वस्तु से आग लगी हो सकती है। गोदाम मालिक के मुताबिक आग से करीब 70–80 लाख रुपये तक का नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटा है और नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद ही किया जा सकेगा।
Also Read: DDLJ की 30वीं सालगिरह पर लंदन में चमके राज और सिमरन






