रांची : झारखंड में लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर छात्रों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। रांची में DSPMU के छात्रों ने आदिवासी छात्र संघ के नेतृत्व में छात्रवृत्ति रिलीज कराने की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। यह रैली विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से होते हुए कल्याण विभाग तक पहुंची।
राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
मार्च के दौरान छात्रों ने अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमड़ा लिंडा सहित राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना है कि जब तक छात्रवृत्ति का भुगतान शुरू नहीं होता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। कल्याण विभाग पहुंचकर छात्र धरना पर बैठने की भी तैयारी में हैं, ताकि सरकार तक अपनी बात मजबूती से पहुँचा सकें।
छात्रवृत्ति न मिलने से आर्थिक समस्या
आंदोलन कर रहे छात्रों ने बताया कि छात्रवृत्ति न मिलने से वे गंभीर आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द भुगतान शुरू करने की मांग की, ताकि उनकी आर्थिक दिक्कतें खत्म हो सकें।
केंद्र सरकार से नाराजगी जताई
छात्रों ने केंद्र सरकार से सहयोग राशि न मिलने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि केंद्र और राज्य के बीच मतभेद का खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि केंद्र के साथ लंबित मुद्दों को जल्द निपटाया जाए।
छात्र संगठन ने सरकार को दी चेतावनी
छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो उनका शांतिपूर्ण आंदोलन उग्र हो सकता है। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
Also Read: पंडरा बाजार में लाखों की चोरी, तीन दुकानों को बनाया निशाना






