गोवा क्लब हादसा: झारखंड के तीन लोगों की मौत, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

By Shreya

Published On:

गोवा क्लब हादसा: झारखंड के तीन लोगों की मौत, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

Jharkhand: गोवा के अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन लोग झारखंड के भी शामिल थे। हादसे के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

झारखंड के तीन मजदूरों की गई जान

मरने वालों में झारखंड के तीन लोग थे, जिनमें से दो आपस में सगे भाई थे। उनके रिश्तेदार नारायण माथुर ने को बताया कि दोनों भाई और एक पड़ोसी कुछ महीने पहले ही रोजगार की तलाश में गोवा आए थे और क्लब के किचन में काम करते थे।

कैसे लगी आग?

आग लगने का कारण अभी तक साफ नहीं हो सका है। हालांकि स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन किया गया था, जिसकी वजह से इतनी बड़ी त्रासदी हुई। आधी रात के आसपास आग की सूचना मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में करने में पूरी रात जुटी रहीं।

गोवा के मुख्यमंत्री ने दी जांच के आदेश

गोवा के मुख्यमंत्री ने इस हादसे को टूरिज्म इतिहास का सबसे बड़ा हादसा बताया। उन्होंने कहा:

  • “मैं रात करीब 1:30 बजे स्थल पर पहुंचा। अधिकारी भी मौजूद थे।
  • आधे घंटे में आग बुझा दी गई।
  • कुछ लोग बाहर निकल आए, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए।”

उन्होंने आगे बताया कि—

  • क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है।
  • मैनेजर सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
  • दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी घटना भविष्य में दोबारा न हो।

सीएम हेमंत सोरेन ने व्यक्त किया दुख

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना करते हैं। हादसे के शिकार झारखंड के परिवारों में शोक की लहर है, जबकि राज्य सरकार की ओर से भी हर संभव मदद की उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read: नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में झारखंड ACB की छापेमारी, लखीसराय में दबिश

Leave a Comment