रांची: झारखंड के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुमला में तापमान गिरकर सिर्फ तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में अब तक का सबसे कम तापमान है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 11 जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में रविवार तक ‘येलो अलर्ट’ लागू रहेगा।
तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी
रांची मौसम केंद्र के उप-निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही हवाओं के कारण झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और दो डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला
आईएमडी के मुताबिक, गुमला तीन डिग्री के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। खूंटी में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डालटनगंज में 6.1 डिग्री और बोकारो में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Also Read: झारखंड में हवा हुई ज़हरीली: 24 में से 21 जिले PM2.5 मानक से ऊपर






