Ranchi: निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे से जुड़े मामलों की जांच के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी मिली है कि रांची के अशोक नगर स्थित जिस मकान की खरीद एसएन त्रिवेदी के नाम पर की गई थी, उसका भुगतान विनय चौबे और उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता के बैंक खातों से किया गया था। एसएन त्रिवेदी सेवानिवृत्त IFS अधिकारी और विनय चौबे के ससुर हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार अशोक नगर स्थित यह जमीन 28 जुलाई 2021 को NRI अमिताभ नारायण से खरीदी गई थी। जमीन का क्षेत्रफल लगभग 20 डिसमिल है और इसकी खरीद-बिक्री से संबंधित सेल डीड नंबर 4932 दर्ज किया गया है। अमिताभ नारायण वर्तमान में अमेरिका में रहते हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इस जमीन की खरीद के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।
शराब और भूमि घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के दौरान ही इस संपत्ति की खरीदी से संबंधी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि विक्रेता को दी गई राशि विनय चौबे और उनकी पत्नी के खातों से सीधे भेजी गई, जिससे मकान खरीद में उनके प्रत्यक्ष आर्थिक जुड़ाव की पुष्टि होती है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस बीच विनय चौबे और उनके पारिवारिक सदस्यों की विदेश यात्राओं की जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। जांच में पता चला है कि वर्ष 2023 में परिवार के सदस्यों ने इटली की यात्रा की थी। इसके अलावा भी उनकी नियमित अंतराल पर की गई कई विदेश यात्राओं के रिकॉर्ड मिले हैं।
जांच एजेंसियों ने यह भी पाया है कि एक बार परिवार ने दुबई यात्रा के लिए टिकट बुक कराया था, लेकिन यात्रा न करने पर टिकट रद्द करा कर पैसे वापस ले लिए गए। अब ट्रैवल एजेंसियों से उन सभी टिकटों, भुगतानों और यात्रा विवरणों की जानकारी मांगी गई है जिनका उपयोग चौबे परिवार ने किया था।
जांच टीम अब घर की खरीद, बैंक लेन-देन और विदेश यात्राओं के रिकॉर्ड को आपस में मिलाकर वित्तीय अनियमितताओं की संभावनाओं की छानबीन कर रही है।
Also Read: आईआईटी आईएसएम धनबाद में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की शुरुआत, 36 घंटे तक चलेगा नवाचार का महा-मैराथन






