झारखंड में अब ठंड का असली दौर शुरू होने वाला है। पहाड़ी राज्यों में हो रही ताज़ी बर्फबारी, उत्तरी पाकिस्तान के पास सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी में बने ट्रफ का सीधा असर राज्य के मौसम पर पड़ना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है कि अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से नीचे गिरेगा और सर्दी और ज्यादा कड़कड़ाने लगेगी।
अगले 48 घंटों में 2–3 डिग्री गिरेगा तापमान
IMD रांची के अनुसार, फिलहाल तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं दिख रहा, लेकिन अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ेगी और हड्डियों तक चुभने वाली ठंड महसूस होगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार की सुबह कोहरा और हल्की धुंध छाई रहेगी, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा। हवा में नमी और उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाएं तापमान को लगातार नीचे धकेलती रहेंगी।
गुमला सबसे ठंडा, रांची में भी गिरा पारा
राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो इस सीजन का न्यूनतम स्तर है। रांची में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री रहने का अनुमान है।
उधर, चाईबासा में तापमान 27.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
पहाड़ों में भारी बर्फबारी, शीतलहर का असर झारखंड तक
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में लगातार बर्फबारी ने स्थिति और गंभीर कर दी है। रोहतांग दर्रे के पास भारी हिमपात के बाद शीतलहर तेज हो गई है, जिससे उत्तरी भारत की ठंडी हवाएं झारखंड तक पहुंच रही हैं।
Also Read: इंडिगो फ्लाइट संकट की परतें खुलीं! 7 दिनों की अव्यवस्था पर एयरलाइन ने सरकार को सौंपी विस्तृत रिपोर्ट






