Jharkhand Weather Update: झारखंड में दिसंबर की ठंड इस बार अपने चरम पर है. पिछले 24 घंटों में कई जिलों में न्यूनतम तापमान ने सीजन के रिकॉर्ड तोड़ दिए. गुमला में पारा 5.3°C दर्ज हुआ, जो लगातार तीसरे दिन 5 डिग्री के करीब बना हुआ है. वहीं रांची में सर्द हवाओं और घने कोहरे ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया.
राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तापमान 8–9°C के बीच है, जबकि दक्षिणी जिलों—जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम—में भी पारा गिरकर 12°C तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है.
हिमालय की बर्फबारी का झारखंड पर सीधा असर
हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के कारण झारखंड में तेज कंकणी और बर्फीली हवाएं चल रही हैं. खूंटी, गुमला और मैक्लुस्कीगंज में तो तापमान 2.5°C तक पहुंचने की खबर है, जिससे इन इलाकों को ‘छोटा मिनी लद्दाख’ कहा जाने लगा है.
कई जगहों पर हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग कुछ मिनट भी बाहर खड़े नहीं रह पा रहे. बाजारों में भीड़ कम हो गई है और सुबह के समय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है.
इन जिलों में रहेगी सबसे खतरनाक ठंड
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है:
- चतरा
- कोडरमा
- पलामू
- खूंटी
- सिमडेगा
- रांची
- लोहरदगा
- लातेहार
इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5–6°C तक रहने की संभावना है, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है.
अगले 24 घंटे: घना कोहरा + बर्फीली हवाएं
रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और हजारीबाग में घना कोहरा छाया रहेगा. दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
स्वास्थ्य विभाग की अपील
- बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग कम से कम बाहर निकलें
- गर्म कपड़ों का प्रयोग बढ़ाएं
- सुबह-सुबह तेज कंकनी से बचें
- आग या हीटर का उपयोग सावधानी से करें
झारखंड में सर्दी फिलहाल अपने सबसे कठोर रूप में है और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह जारी रहने की संभावना है.
Also Read: गुरुग्राम में गाय को चिकन मोमोज खिलाने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार, सोशल मीडिया की अंधी दौड़ ने बढ़ाई परेशानी






