रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिना किसी पूर्व सूचना के रांची शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने किसी विशेष प्रोटोकॉल या अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना एक आम नागरिक की तरह सड़कों पर निकलकर शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यातायात व्यवस्था का अवलोकन किया
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी स्थितियों का बारीकी से अवलोकन किया। वे सामान्य वाहन से शहर में घूमे और लोगों को होने वाली परेशानियों व रोजमर्रा की समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय उनके साथ उपायुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में दावोस जाएंगे सीएम
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 18 से 21 जनवरी के बीच स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेने जाएंगे, जहां उनकी कई अहम आधिकारिक बैठकें निर्धारित हैं। इस अंतरराष्ट्रीय दौरे से पहले किया गया यह औचक निरीक्षण राज्य सरकार की सक्रियता को दर्शाता है।
सीएम ने एक्स पर किया पोस्ट

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के हर शहर में आवागमन, नागरिक सुविधाओं और जीवन को अधिक सुगम बनाने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य है कि राज्य का प्रत्येक शहर सुरक्षित, समावेशी और खुशहाल बने, जहां हर नागरिक को सम्मान के साथ बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
Also Read: सांसद खेल महोत्सव 2025: जमशेदपुर में आर्चरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन






