Uttrakhand: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कालाढूंगी थाना क्षेत्र के धमोला इलाके में सवारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में 6 से 7 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब बस रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें 8 से 10 यात्री खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। धमोला के पास बस के आगे चल रही एक कार के चालक ने सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे आ रही बस के चालक ने भी अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे खेत में जा पलटी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य संभाला।
घायलों को एंबुलेंस के जरिए कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
रामनगर के सीओ सुमित पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के आगे चल रही कार द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण यह हादसा हुआ। बस में उस समय करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। पुलिस ने मौके पर यातायात को सामान्य करा दिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं, बस में सवार एक यात्री ने बताया कि बस रामनगर से हल्द्वानी जा रही थी और बेलपड़ाव से सवारियां अधिक हो गई थीं। बस पूरी तरह भरी हुई थी और कई यात्री खड़े थे। धमोला के पास अचानक बस पलट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
Also Read: बॉम्बे हाई कोर्ट से गूगल को बड़ी राहत, ऑनलाइन कंटेंट हटाने का अधिकार मजिस्ट्रेट को नहीं












