रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न वार्डों से आई कई महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ली। महिलाओं ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय सचिव विजेता वर्मा की मौजूदगी में आजसू पार्टी का दामन थामा।
नगर निकाय चुनाव को लेकर आजसू की तैयारी तेज
मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को प्रभावी भागीदारी देगी और हर वार्ड में महिला इकाइयों का गठन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा राज्य सरकार ने चुनावी फायदे के लिए मंईयां सम्मान योजना लागू कर महिलाओं को गुमराह किया है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में जागरूकता बढ़ने से ही राज्य और समाज का संतुलित और समग्र विकास संभव है।
महिलाओं को मजबूत भागीदारी देगी आजसू पार्टी
केंद्रीय सचिव विजेता वर्मा ने कहा कि आजसू पार्टी में मातृशक्ति को पूरा सम्मान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की थी।
वहीं, महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिंहा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए हर वार्ड में संगठन को मजबूत किया जा रहा है और महिला समितियों का गठन भी तेजी से किया जा रहा है।
Also Read: एसीबी ने निलंबित आईएएस विनय चौबे की पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया






