NIT जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन अलर्ट मोड में

By Shreya

Published On:

Date:

NIT जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन अलर्ट मोड में

Jamshedpur: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सभी आवश्यक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की चूक न हो।

कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और एसपी मुकेश लुनायत समेत कई वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को एनआईटी जमशेदपुर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया और संस्थान प्रबंधन व संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी जारी किए हैं।

राष्ट्रपति का एक घंटे का कार्यक्रम, 1000 छात्रों को मिलेगी डिग्री

एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधार ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। इस दौरान वह छात्रों को संबोधित करेंगी और बीटेक एवं एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सहित कई अन्य गणमान्य अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। समारोह के दौरान करीब 1000 छात्र-छात्राओं को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

राष्ट्रपति के दो अहम कार्यक्रम

29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह से पहले वह सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर पहुंचेंगी, जहां ‘ओल चिकी लिपि’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन, रूट मैप और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति के दौरे और कार्यक्रम का सफल एवं सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

Also Read: रिम्स परिसर अतिक्रमण मामला: कैलाश कोठी पर झारखंड हाईकोर्ट की रोक बरकरार, मंगलवार को होगी अगली सुनवाई

Leave a Comment