रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सोमवार को रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में वे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के बेटे के रिसेप्शन समारोह में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
बरेली में हुई शादी, दिल्ली में भव्य रिसेप्शन

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के पुत्र अपूर्व गंगवार का विवाह 10 दिसंबर को बरेली में संजना के साथ संपन्न हुआ था। इसके बाद 16 दिसंबर को दिल्ली में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया है, जिसमें सैकड़ों दिग्गज नेता और वीवीआईपी मेहमान आमंत्रित हैं।
17 दिसंबर को रांची लौटने की संभावना
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 17 दिसंबर को दिल्ली से रांची लौटने का संभावित कार्यक्रम है। इस दौरान वे कुछ औपचारिक और राजनीतिक मुलाकातें भी कर सकते हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का राजनीतिक सफर
संतोष कुमार गंगवार वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल हैं। उनका जन्म 1 नवंबर 1948 को हुआ। राजनीति में आने से पहले उन्होंने बीएससी और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की। वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और उत्तर प्रदेश की बरेली लोकसभा सीट से आठ बार सांसद चुने गए।
केंद्र सरकार में निभाई अहम जिम्मेदारियां
अपने लंबे राजनीतिक करियर में संतोष कुमार गंगवार ने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वित्त राज्यमंत्री, कपड़ा राज्यमंत्री, पेट्रोलियम राज्यमंत्री और संसदीय कार्य राज्यमंत्री जैसे दायित्व शामिल हैं। उन्होंने 31 जुलाई 2024 को झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
Also Read: झारखंड घोटाले: ACB ने आरोपियों के बैंक खाते और लॉकर खंगालने की तेज की जांच






