झारखंड में बढ़ी ठंड की मार, रांची का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री पहुंचा, गुमला दूसरे पायदान पर

By Shreya

Published On:

Date:

झारखंड में बढ़ी ठंड की मार, रांची का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री पहुंचा, गुमला दूसरे पायदान पर

Ranchi: झारखंड में मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ सर्दी का असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है, वहीं तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जिससे ठंड ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है। ठंड के मामले में गुमला 7.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, खूंटी में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री, डाल्टनगंज में 8.1 डिग्री, लातेहार और लोहरदगा में 8.5 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री और सरायकेला में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। क्षोभमंडल के निचले स्तर पर उत्तर-पश्चिम से उत्तरी हवाएं चलने के कारण राज्य में ठंड का प्रभाव बढ़ गया है।

चाईबासा में सबसे अधिक रहा अधिकतम तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा 16 जनवरी 2025 को सुबह 8.30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम में 27.2 डिग्री, सरायकेला में 27.0 डिग्री, जमशेदपुर में 26.6 डिग्री, बोकारो में 26.5 डिग्री, देवघर में 26.4 डिग्री और पाकुड़ में 26.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

अगले कुछ दिनों तक ठंड बढ़ने के आसार

मौसम केंद्र रांची की रिपोर्ट के अनुसार, 16 से 19 जनवरी तक सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी। इस दौरान दिन का तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हालांकि, सुबह के समय न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। खासकर रांची, गुमला, डाल्टनगंज, लातेहार और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

Also Read:

सीएम हेमंत सोरेन से मिले आमजन और सामाजिक कार्यकर्ता, जनसमस्याओं के समाधान को लेकर हुई चर्चा

Leave a Comment