महंगी हरी सब्जियों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, आम लोग परेशान

By Neha

Published On:

Date:

महंगी हरी सब्जियों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, आम लोग परेशान

रांची: सर्दियों को आमतौर पर हरी सब्जियों का सबसे अच्छा मौसम माना जाता है, लेकिन इस साल बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजार में हरी सब्जियों के दाम अभी भी ऊंचे बने हुए हैं। खासकर अदरक, लहसुन और हरी मिर्च की महंगाई ने आम लोगों की रसोई का स्वाद और बजट दोनों बिगाड़ दिए हैं।

अधिकांश हरी सब्जियां 60 रुपये प्रति किलो

अधिकांश हरी सब्जियां 60 रुपये प्रति किलो या उससे ज्यादा कीमत पर बिक रही हैं। लहसुन और अदरक का भाव 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि हरी मिर्च 100 रुपये प्रति किलो बिक रही है। मटर और सेम 60 रुपये प्रति किलो, टमाटर और बैंगन भी 60 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल रहे हैं। करेला 80 रुपये प्रति किलो, लौकी 30 रुपये प्रति पीस, गाजर 60 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। नया आलू 30 रुपये प्रति किलो, पुराना आलू 20 रुपये प्रति किलो और प्याज 30 रुपये प्रति किलो है। वहीं, पत्ता गोभी और फूलगोभी 20-20 रुपये प्रति पीस की दर से बाजार में उपलब्ध हैं।

कुछ दिनों के सब्जियों के दामों से मिल सकती है राहत 

सब्जी विक्रेताओं के अनुसार, इस समय स्थानीय किसानों से केवल पत्ता गोभी, फूलगोभी और टमाटर की ही आवक हो रही है। अन्य सब्जियां जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल से मंगाई जा रही हैं, जिससे कीमतें बढ़ी हुई हैं। उनका कहना है कि आने वाले 15 से 20 दिनों में सब्जियों के दामों में कुछ राहत मिल सकती है।

लगातार बारिश से हुआ नुकसान

इस वर्ष लगातार हुई बारिश के कारण सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिसका सीधा असर बाजार में दिख रहा है। लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया समेत कई सब्जियों के दाम बढ़े हुए हैं। ऐसे में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।

Also Read: ठगी मामले में दोषी को 1 साल 6 माह की सजा, 20 लाख रुपये जुर्माना

Leave a Comment