Jamtada: बिहार और बंगाल में नकली विदेशी शराब की बड़ी तस्करी का धंधा चलाने वाले एक संगठित नेटवर्क का जामताड़ा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रक से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब और स्प्रिट बरामद की है, साथ ही शराब तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी धनबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरकुरे की बोरी के नीचे छिपाकर नकली विदेशी शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम बनाई गई और पाण्डेयडीह मोड़ पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एक डीसीएम ट्रक (WB 51 C 5752) से 210 पेटी नकली विदेशी शराब और 78 पेटी स्प्रिट बरामद की गई। शराब कुरकुरे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि जिस ट्रक को स्कॉर्ट किया जा रहा था, उस टीम में शामिल दो कारों से भी 15 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत स्थानीय बाजार में करीब 20 लाख रुपये है, जबकि बिहार में इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें शामिल हैं—
- दारा सिंह (ट्रक चालक)
- चंद्रदेव मंडल
- रहीम अंसारी
- संतोष पासवान
आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, कुरकुरे की 50 बोरियां, 33 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और दो कारें भी जब्त की गई हैं।
सिंडिकेट का सरगना राजा यादव
एसपी के अनुसार यह एक बड़ा अंतरराज्यीय सिंडिकेट है, जिसका सरगना धनबाद का राजा यादव है। पुलिस की जांच में कई और नाम सामने आए हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार चंद्रदेव मंडल पर पहले भी नकली विदेशी शराब की तस्करी में शामिल रहने का आरोप रहा है। वह गिरिडीह और जामताड़ा क्षेत्र में इस मामले में जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि इस सिंडिकेट में कई प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
जब्त सामान
- ट्रक WB 51 C 5752
- नकली विदेशी शराब: 225 पेटी
- कुरकुरे की 50 बोरी
- स्प्रिट: 78 गैलन (3120 लीटर)
- मोबाइल फोन: 7
- छोटी कार: 2
- नकद: ₹33,000
Also Read: घने कोहरे का प्रभाव: रांची एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं प्रभावित, कई फ्लाइटें रद्द व लेट






