Ranchi: कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा से जुड़े मामलों की जांच अब नई दिशा में आगे बढ़ेगी। रांची पुलिस की ओर से सुजीत सिन्हा और उनकी पत्नी रिया सिन्हा के खिलाफ दर्ज केसों को सीआईडी को ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके बाद अब इन मामलों की गहन जांच की जिम्मेदारी पूरी तरह से सीआईडी टीम संभालेगी।
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी विशेष रूप से सुजीत सिन्हा और गैंग के अन्य सदस्यों की गतिविधियों की तहकीकात करेगी। इसमें प्रमुख रूप से सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के गठजोड़ की जांच की जाएगी। साथ ही इन दोनों के बीच आपसी नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और आपराधिक गतिविधियों के विस्तार से जुड़े पहलुओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
इसके अलावा सीआईडी पाकिस्तान आर्म्स सप्लाई चेन से जुड़े एंगल की भी छानबीन करेगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस सप्लाई चेन के जरिए हथियारों की आमद-रफ्त बढ़ने की आशंका है, जिसे लेकर जानकारी जुटाने और सबूतों का विश्लेषण करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
रांची पुलिस की ओर से केस सीआईडी को सौंपे जाने से माना जा रहा है कि जांच और भी व्यापक और तकनीकी रूप से मजबूत होगी। अधिकारियों का अनुमान है कि इस कदम से गैंगस्टर सुजीत सिन्हा से जुड़े पूरे नेटवर्क को उजागर करने में मदद मिलेगी।
Also Read: धुरंधर का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा जारी: भारत में 500 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म, 14वें दिन भी बंपर कमाई






