New Delhi: दिल्ली से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-887 में सोमवार सुबह टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान ने सुबह लगभग 6:10 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के तुरंत बाद एक इंजन में समस्या आने के कारण पायलटों ने एहतियातन दिल्ली लौटने का फैसला किया। विमान ने करीब 6:52 बजे सुरक्षित आपात लैंडिंग की। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि सभी क्रू मेंबर्स और यात्री सुरक्षित हैं।
टेक-ऑफ के तुरंत बाद इंजन फेल
जानकारी के मुताबिक, टेक-ऑफ के तुरंत बाद विमान का एक इंजन बंद हो गया था। विमान दो इंजन वाला था, इसलिए पायलटों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए बिना किसी जोखिम के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा दी। VT-ALS नंबर से रजिस्टर्ड इस विमान में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
एयर इंडिया का आधिकारिक बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा—
“22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट AI-887 को उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी समस्या के कारण SOP के तहत दिल्ली वापस लौटा लिया गया। विमान सुरक्षित लैंड हुआ और सभी यात्रियों व क्रू को उतार दिया गया है। असुविधा के लिए खेद है।”
एयरलाइन ने यह भी बताया कि विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों को मुंबई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई है।
ग्राउंड टीम यात्रियों को सहायता प्रदान कर रही
दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद एयर इंडिया की ग्राउंड टीम ने यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल सहायता शुरू कर दी है। एयरलाइन ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी यात्री को यात्रा के दौरान परेशानी न हो।
हाल में बढ़े ऐसे मामले
गौरतलब है कि बीते कुछ समय में एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उस हादसे में 242 यात्रियों में से सिर्फ एक यात्री जीवित बच पाए थे।
Also Read: झारखंड हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर डीसीएलआर पर 25 हजार रुपए का जुर्माना






