मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी का आयोजन

By Shreya

Published On:

Date:

मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी का आयोजन

Ranchi: किसानों की आय में बढ़ोत्तरी ही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है और इसी आधार पर सरकार की योजनाओं की सफलता का आकलन किया जाएगा। किसानों की आय में जितनी वृद्धि होगी, वही योजनाओं की सफलता का पैमाना होगा। यह बातें राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कही। वे मंगलवार को रांची के धुर्वा स्थित शालीमार मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।

मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा इस वर्ष राज्य में 260 वेद व्यास आवास योजना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत चिन्हित लाभुकों के बीच आवास का वितरण शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान 540 लाभुकों के बीच 964.37 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें पिकअप वैन, आइस बॉक्स, केज हाउस, मोटर चलित नाव, गिल नेट सहित अन्य मत्स्यिकी से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य के मछुआरा परिवारों को वेद व्यास आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मिट्टी के मकान में रहने वाले परिवारों का पक्के मकान में रहने का सपना साकार होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि मछुआरों को दिए जा रहे वेद व्यास आवास की पहचान नीले रंग से होनी चाहिए, ताकि इनकी अलग पहचान बने और यह संदेश गांव-गांव व घर-घर तक पहुंचे कि सरकार मछुआरों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

मंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में झारखंड में असीम संभावनाएं हैं। वर्तमान में राज्य में करीब 4 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हो रहा है, जबकि उत्पादन क्षमता 7 लाख मीट्रिक टन तक की है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग और मत्स्य पालकों को मिलकर संयुक्त प्रयास करने की जरूरत है।

कार्यशाला में मत्स्य पालन से जुड़े विशेषज्ञों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मत्स्य किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Also Read: होटवार जेल में नाच और आपराधिक गतिविधियों पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगा जवाब

Leave a Comment