टेक न्यूज: इलेक्ट्रिक वाहनों के बाजार में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जिस रेंज और चार्जिंग स्पीड को लेकर ग्राहक सबसे ज्यादा चिंता करते हैं, उसी समस्या के समाधान पर अब काम शुरू हो गया है। साउथ कोरिया की दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए सिलिकॉन-कार्बन (Si-C) एनोड बैटरी विकसित करने जा रही है, जिससे ईवी से जुड़ी कई बड़ी दिक्कतें दूर होने की उम्मीद है।
सैमसंग SDI और KG Mobility के बीच साझेदारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की बैटरी निर्माण इकाई सैमसंग SDI ने साउथ कोरिया की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी KG Mobility के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने इलेक्ट्रिक कारों के लिए एडवांस बैटरी पैक टेक्नोलॉजी को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं।
Si-C एनोड बैटरी से बढ़ेगी रेंज और चार्जिंग स्पीड
रिपोर्ट के अनुसार, इस नई सिलिकॉन-कार्बन एनोड बैटरी में सैमसंग SDI की 46-सीरीज सिलिंड्रिकल सेल का इस्तेमाल किया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि इस तकनीक के जरिए इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ड्राइविंग रेंज में बड़ा सुधार होगा और चार्जिंग भी पहले से कहीं ज्यादा तेज हो सकेगी। इससे ईवी को लेकर ग्राहकों की बड़ी चिंता कम हो सकती है।
भविष्य में स्मार्टफोन्स तक पहुंचेगी तकनीक
बताया जा रहा है कि यह बैटरी तकनीक सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में सैमसंग इसी तकनीक को स्मार्टफोन्स में भी ला सकती है। अगर ऐसा होता है तो लंबे बैटरी बैकअप और बेहतर परफॉर्मेंस वाले स्मार्टफोन्स देखने को मिल सकते हैं।
नई बैटरी में क्या है खास तकनीक
रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग SDI की इस बैटरी में हाई-निकेल NCA कैथोड और विशेष सिलिकॉन-कार्बन नैनोकम्पोजिट एनोड का उपयोग किया गया है। इससे बैटरी के फूलने की समस्या कम होगी और उसकी कुल लाइफ बढ़ेगी। साथ ही बैटरी की विश्वसनीयता में भी सुधार होगा।
बेहतर डिजाइन और ज्यादा सुरक्षा
सैमसंग ने बैटरी के डिजाइन पर खास ध्यान दिया है। इसे कम आंतरिक रेजिस्टेंस के साथ तैयार किया गया है, जिससे करंट का प्रवाह बेहतर रहता है। इसका फायदा यह होगा कि बैटरी ज्यादा पावर आउटपुट दे सकेगी और तेजी से चार्ज होगी। इसके अलावा, हीट मैनेजमेंट सिस्टम को भी पहले से बेहतर बनाया गया है, जिससे यह बैटरी ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनती है।
किन वाहनों में होगी शुरुआत
मिली जानकारी के अनुसार, इस नए बैटरी पैक का इस्तेमाल सबसे पहले KG Mobility की अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रिक कारों में किया जाएगा। हालांकि भविष्य में अन्य कार निर्माता भी इस तकनीक को अपना सकते हैं। इसके साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि आगे चलकर सैमसंग की यह बैटरी तकनीक उसकी गैलेक्सी सीरीज के स्मार्टफोन्स में भी देखने को मिल सकती है।
Also Read: झारखंड में हाथियों का आतंक: 18 ट्रेनें रद्द, एनएच-33 पर यातायात ठप












