हैदराबाद से कुवैत जा रही इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ान को मंगलवार सुबह बम की धमकी मिलने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हैदराबाद एयरपोर्ट अधिकारियों को एक ईमेल मिला, जिसमें विमान में बम होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने त्वरित कदम उठाते हुए फ्लाइट को तुरंत मुंबई की ओर डायवर्ट कर दिया।
मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को सीधे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद CISF, बम निरोधक दस्ते (BDDS) और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया। शुरुआती जांच में विमान में किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने की पुष्टि हुई है, लेकिन सुरक्षा टीमों ने एहतियात के तौर पर विस्तृत तलाशी जारी रखी है।
सभी यात्री सुरक्षित, वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था
फ्लाइट के सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल में स्थानांतरित किया गया। इंडिगो एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को कुवैत भेजने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
ईमेल की जांच में जुटी साइबर टीम
बम की धमकी से जुड़े ईमेल की जांच साइबर क्राइम टीम कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह धमकी वास्तविक थी या किसी शरारती तत्व की हरकत। इस घटना के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
Also Read: ठंड बढ़ने से सब्जी किसान परेशान, लोहरदगा में फसलों पर पाला और झुलसा रोग का खतरा










