नई दिल्ली : उत्तर भारत में सर्दी तेजी से बढ़ रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है, जिससे नदी-नालों और पानी की पाइपलाइन जमने का खतरा बढ़ गया है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर जैसा मौसम बन गया है। आने वाले दिनों में गलन भरी ठंड और घना कोहरा और अधिक बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण भारत पर ‘दितवाह’ चक्रवात का खतरा
दक्षिण भारत में मौसम एक नई चुनौती लेकर आ रहा है। चक्रवात ‘दितवाह’ के प्रभाव के चलते अगले तीन दिन मौसम बिगड़ सकता है। IMD के अनुसार, तमिलनाडु तट पर टकराते समय यह चक्रवात 100 किमी/घंटा की रफ्तार तक की तेज हवाएं ला सकता है और भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के समुद्री इलाकों में 60 से 100 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने के संकेत हैं। पेड़ उखड़ने और भारी वर्षा के खतरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।
कश्मीर में 18 साल बाद कड़ाके की ठंड
कश्मीर घाटी इस नवंबर में पिछले 18 वर्षों की सबसे तीखी ठंड झेल रही है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार को शोपियां सबसे ठंडा रहा, जबकि श्रीनगर में तापमान -4.5°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात थी।
पंजाब-हरियाणा में बढ़ रही ठिठुरन, दिल्ली 8.1°C
पंजाब में फरीदकोट लगातार पांचवें दिन राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 4.4°C दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.1°C और अधिकतम तापमान 25.9°C रहा।
Also Read: http://सीएम हेमंत सोरेन का संकल्प: बिना परेशानी हर नागरिक को उसका अधिकार












