Bijnaur: जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव सिरधनी निवासी एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और शहर की एक नाबालिग हिंदू लड़की से दोस्ती की। बाद में उसने कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लड़की पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने अपना नाम और पहचान छुपाते हुए “अमन” नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। लड़की उसे हिंदू युवक समझकर उससे बातचीत करती रही। बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने कथित रूप से चैट और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लड़की पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डाला। मना करने पर उसे लगातार धमकियां दी जाने लगीं और मिलने के लिए बुलाने की कोशिश की गई।
घटना से परेशान लड़की ने बजरंग दल के जिला संयोजक अरुण चौधरी से संपर्क कर पूरी आपबीती बताई। इसके बाद एक योजना बनाई गई, जिसके तहत लड़की ने आरोपी को शहर के एक चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया। बताया जाता है कि जैसे ही युवक वहां पहुंचा और दबाव बनाने लगा, मौके पर मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें चैट और बातचीत से जुड़े अहम सबूत मिलने की बात कही जा रही है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि कुछ लोग आरोपी युवक को थाने लेकर आए थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नाम बदलकर नाबालिग से दोस्ती की और उस पर दबाव बनाया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Also Read: तुलसी दिवस पर श्रीराम सेना व सामाजिक संगठनों ने किया निःशुल्क तुलसी पौधा वितरण










