बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित बर्बरता के विरोध में रांची में प्रदर्शन, मोहम्मद युनूस का पुतला दहन

By Shreya

Published On:

बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित बर्बरता के विरोध में रांची में प्रदर्शन, मोहम्मद युनूस का पुतला दहन

Ranchi: बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित पीट-पीटकर हत्या के विरोध में बुधवार को रांची की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता जिला स्कूल से जुलूस की शक्ल में निकलते हुए शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे।

प्रदर्शनकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्र होकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ विरोध जताते हुए मोहम्मद युनूस का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने किया। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश की घटना से देशभर के हिंदू समाज में रोष है और इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।

इस मौके पर विहिप पटना क्षेत्र के मंत्री वीरेंद्र साहू, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, प्रचार-प्रसार प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन, दुर्गा वाहिनी प्रांत सह संयोजिका कीर्ति गौरव, धर्माचार्य प्रांत संपर्क प्रमुख युगल किशोर प्रसाद, रविशंकर राय, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, महानगर मंत्री विश्वरंजन कुमार, महानगर संयोजक विक्रम साहू सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Also Read: बरियातू थाना क्षेत्र के कुसुम विहार रोड नंबर 9 के पास फायरिंग, इलाके में दहशत

Leave a Comment