New Delhi: भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश का नाम रोशन किया है। महज 14 वर्ष की उम्र में क्रिकेट जगत में अपनी खास पहचान बना चुके वैभव को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार खेल, शिक्षा, कला, विज्ञान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को दिया जाता है।
विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव सूर्यवंशी को अपने करकमलों से यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर वैभव नारंगी रंग का ब्लेज़र और सफेद कुर्ता-पायजामा पहने नजर आए। जैसे ही मंच से उनका नाम पुकारा गया, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोगों ने उनकी उपलब्धि का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बिहार के समस्तीपुर में जन्मे वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में कई कीर्तिमान अपने नाम किए हैं। IPL में सबसे कम उम्र में खेलने वाले खिलाड़ी बनने और सबसे तेज़ शतक लगाने जैसे रिकॉर्ड उनकी प्रतिभा का प्रमाण हैं। उनकी इन्हीं असाधारण उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा गया।
इस खास मौके पर वैभव का परिवार भी समारोह में मौजूद रहा। उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इस खुशी को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा, “यह हमारे लिए गर्व का पल है। आज हमारे देश की राष्ट्रपति के हाथों वैभव को बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति महोदया ने वैभव की खुलकर तारीफ भी की।”
Also Read: अरगोड़ा स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी












