नई दिल्ली : एयरबस A320 फैमिली के विमानों में पाई गई एक गंभीर तकनीकी समस्या ने भारत सहित दुनिया भर की हवाई यात्राओं को प्रभावित कर दिया है। फ्रांसीसी विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने इस संबंध में आधिकारिक चेतावनी जारी की है। कंपनी के अनुसार, तेज धूप की किरणें फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। यदि यह डेटा करप्ट हो जाए, तो ऑटोपायलट और फ्लाइट कंट्रोल दोनों में खामियां आ सकती हैं। यही कारण है कि दुनिया में सबसे ज्यादा उपयोग होने वाले A320 विमानों को इस वीकेंड बड़ी संख्या में ग्राउंड करना पड़ रहा है।
कई फ्लाइट हुई रद्द
भारत में A320 फैमिली के 560 से अधिक विमानों में से लगभग 200–250 को तुरंत जांच और मरम्मत की जरूरत बताई गई है। इंडिगो और एयर इंडिया के 350 से ज्यादा विमानों में अगले 23 दिनों तक जरूरी अपडेट किए जाएंगे। इसका असर उड़ानों पर पड़ना तय है—कई फ्लाइट देर से चल सकती हैं, उनके समय में बदलाव हो सकता है या कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ सकती हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से ऐप या वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट की स्थिति लगातार चेक करने की सलाह दी है।
ईएलएसी मॉड्यूल में खराबी
30 अक्टूबर 2025 को जेटब्लू की कैंकून–नेवार्क उड़ान में बिना पायलट के किसी आदेश के विमान अचानक नीचे की ओर झुक गया था। NTSB की जांच से सामने आया कि यह घटना ईएलएसी (Elevator Aileron Computer) मॉड्यूल की खराबी के कारण हुई थी।
इस मामले के बाद एयरबस ने दुनिया भर में A320 सीरीज के विमानों में तुरंत सॉफ्टवेयर अपडेट और कुछ मामलों में हार्डवेयर बदलने के निर्देश जारी किए हैं। एयरबस का कहना है कि तेज सूर्य प्रकाश ELAC कंप्यूटर में मौजूद डेटा की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकता है, जिससे रीयल-टाइम फ्लाइट कंट्रोल में खतरा पैदा हो सकता है।
Also Read : झारखंड का मौसम हुआ सुहावना, कनकनी से मिली राहत, न्यूनतम पारा चढ़ा






