Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नशे की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक दंपत्ति को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत राय और रबीता देवी के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 1 किलोग्राम गांजा के साथ-साथ गांजा की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को इलाके में नशे की तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सुखदेव नगर थाना पुलिस ने रणनीति बनाते हुए ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया। जैसे ही नशे की खरीद-बिक्री की पुष्टि हुई, पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा की सप्लाई कहां से की जा रही थी।
Also Read: सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल






