रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर आज दिल्ली पहुंच गए। उनका विशेष विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उनका स्वागत करने पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचते ही पीएम मोदी ने पुतिन को गले लगाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। स्वागत के बाद पुतिन और पीएम मोदी एक ही कार से रवाना हुए, जो इस दौरे की गहरी मित्रता और मजबूत द्विपक्षीय रिश्तों को दर्शाता है।
दो दिनों की अहम यात्रा
राष्ट्रपति पुतिन दो दिन के भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी और प्रधानमंत्री मोदी की कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। दोनों नेता 5 दिसंबर को दिल्ली में 23वीं भारत–रूस वार्षिक शिखर वार्ता (Annual Summit) करेंगे। इस समिट में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और वैश्विक मुद्दों पर कई अहम समझौतों और चर्चाओं की संभावना है।
क्यों है यह दौरा खास?
यह पुतिन का चार साल बाद भारत का दौरा है। भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिहाज से यह विज़िट बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे समय में जब वैश्विक परिदृश्य लगातार बदल रहा है, पुतिन और मोदी की यह मुलाकात दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा कर सकती है।
Also Read: नवोदय विद्यालय में फर्जी सर्टिफिकेट का मामला, डीसी के आदेश पर 16 अभिभावकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज






