Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में शुक्रवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग अपार्टमेंट के सबसे ऊपरी फ्लोर पर लगी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
अचानक आग लगने की घटना से अपार्टमेंट में रह रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जान बचाने के लिए लोग तेजी से सीढ़ियों के सहारे नीचे की ओर भागते नजर आए। घटना के समय अपार्टमेंट में मौजूद परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं, ताकि आग अन्य फ्लोर तक न फैल सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर लिकेज को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ अपार्टमेंट के निवासियों की मदद में जुटी हुई है।
प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
Also Read: धनबाद को रेलवे की बड़ी सौगात, भोपाल के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी






