Ranchi: रांची में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के कारण उड़ानों के लगातार निरस्त या री-शेड्यूल होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्रियों को मजबूरी में होटल, लॉज और गेस्ट हाउस में ठहरना पड़ता है, जहां कुछ संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए रांची जिला प्रशासन ने होटल संचालकों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
लगातार कैंसिल हो रही हैं उड़ानें
जिला प्रशासन ने बताया कि ठंड के मौसम में कोहरा और खराब मौसम के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने जानकारी दी है कि दिसंबर और जनवरी में विशेषकर उत्तर भारत से जुड़ी उड़ानों में बार-बार बाधा उत्पन्न होती है, जिससे यात्री मजबूरन शहर में ठहरने को विवश होते हैं।
मनमानी किराया वसूली पर रोक
प्रशासन के अनुसार, आपदा, आपात स्थिति या हवाई सेवाओं में बाधा की स्थिति में होटल किरायों में बढ़ोतरी पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है। इस दौरान निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूलना उपभोक्ता हितों के खिलाफ माना जाएगा।
होटल संचालकों के लिए जारी किए गए निर्देश
रांची जिला अंतर्गत सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को निम्न निर्देशों का पालन करने को कहा गया है—
- पूर्व में निर्धारित और प्रचलित दरों पर ही कमरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
- यात्रियों के साथ सहयोगात्मक और मानवीय व्यवहार किया जाएगा।
- किसी भी प्रकार के अतिरिक्त या हिडन चार्ज नहीं लिए जाएंगे।
- उड़ान निरस्त या विलंब की स्थिति में किराये में मनमानी वृद्धि नहीं की जाएगी।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन निर्देशों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं यात्रियों से भी अपील की गई है कि यदि उनसे तय दर से अधिक किराया वसूला जाता है, तो वे जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर इसकी शिकायत दर्ज कराएं।
Also Read: रांची में ब्राउन शुगर की बढ़ती बिक्री पर हाईकोर्ट सख्त, DGP और NCB अधिकारी को कोर्ट में तलब






