नेशनल हेराल्ड मामले पर कांग्रेस के बयान को बाबूलाल मरांडी ने बताया मानसिक दिवालियापन

By Shreya

Published On:

Date:

नेशनल हेराल्ड मामले पर कांग्रेस के बयान को बाबूलाल मरांडी ने बताया मानसिक दिवालियापन

Ranchi: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे “कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार छुपाने के लिए अनर्गल बयानबाज़ी कर रही है।

मरांडी ने कहा कि राउज कोर्ट के फैसले को कांग्रेस गलत तरीके से पेश कर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला सोनिया गांधी और राहुल गांधी को क्लीन चिट नहीं देता है। बल्कि कोर्ट ने सिर्फ एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात कही है, जबकि मामला अब भी विचाराधीन है और ट्रायल जारी रखने का आदेश दिया गया है।

भाजपा नेता ने नेशनल हेराल्ड मामले को “धोखाधड़ी का गंभीर मामला” बताते हुए कहा कि यह धारा 420 के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें अधिकतम सात साल की सजा का प्रावधान है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस नेताओं को हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। अदालतों ने इसे प्रथम दृष्ट्या गंभीर मामला मानते हुए खारिज करने से इनकार किया है और इसे राग-द्वेष से प्रेरित बताने के कांग्रेस के तर्क को भी अस्वीकार किया है।

मरांडी ने आगे कहा कि नेशनल हेराल्ड की दिल्ली स्थित संपत्ति लगभग 2000 करोड़ रुपये मूल्य की है और उसे व्यावसायिक उपयोग के लिए लीज पर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि यह संपत्ति हड़पने का मामला है जो समाप्त नहीं हुआ है, और कानून की नजर में दोषियों को बचाया नहीं जा सकेगा।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए मरांडी ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार का “टूलकिट” बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय के बाहर जिस तरह प्रदर्शन किया गया, वह प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं था। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयम रखा, वरना कोई बड़ी घटना हो सकती थी। मरांडी ने मांग की कि प्रशासन इसकी उच्चस्तरीय जांच कराए और संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

Also Read: झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव: हेल्थ कॉटेज, आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी और 7 AI हाईटेक लैब स्थापित करने पर बनी सहमति

Leave a Comment