26 दिसंबर को बीबीएमकेयू का द्वितीय दीक्षांत समारोह, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

By Shreya

Published On:

Date:

26 दिसंबर को बीबीएमकेयू का द्वितीय दीक्षांत समारोह, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

Dhanbad:  बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU), धनबाद का द्वितीय दीक्षांत समारोह आगामी 26 दिसंबर को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शिरकत करेंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल के हाथों 220 मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यपाल संतोष गंगवार 26 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े दस बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान कुल 190 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा, जबकि 30 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी जाएगी। यह कार्यक्रम धनबाद के न्यू टाउन हॉल में आयोजित होगा।

बीबीएमकेयू के कुलपति डॉ. रामकुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी एवं विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के कुल 74,351 विद्यार्थियों को इस दीक्षांत समारोह के माध्यम से डिग्री प्रदान की जाएगी। इनमें से 220 विद्यार्थियों को मंच से राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जबकि शेष विद्यार्थियों को डिग्री प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का यह द्वितीय दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की शैक्षणिक साधना, अनुशासन और परिश्रम का औपचारिक सम्मान है। यह अवसर न केवल उनकी उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके भावी दायित्वों की भी याद दिलाता है।

दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह से एक दिन पूर्व 25 दिसंबर को सभी विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। ड्रेस कोड के अनुसार पुरुष विद्यार्थियों को सफेद कुर्ता-पायजामा पहनना अनिवार्य होगा, जबकि महिला विद्यार्थियों को लाल या मरून बॉर्डर वाली सफेद साड़ी अथवा सफेद कुर्ता-सलवार के साथ मरून दुपट्टा पहनना होगा।

Also Read: धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गोविंदपुर के मां शांति गेस्ट हाउस से चार साइबर ठग गिरफ्तार

Leave a Comment