रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए हजारों अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर “आपकी योजना, आपकी सरकार” कार्यक्रम के तहत मोराबादी मैदान में एक बड़ा आयोजन किया जा रहा है, जहाँ ये नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
197 असैनिक अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम की तैयारी के लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने सभी विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर उचित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार के आदेश में बताया गया है कि झारखंड संयुक्त एवं सैनिक सेवा प्रतियोगिता 2023 के माध्यम से JPSC द्वारा अनुशंसित 197 असैनिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की एक टीम गठित की है, जो काउंटरों पर नियुक्ति पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया संभालेगी।
कार्यक्रम में कुल चार काउंटर बनाए गए हैं और हर काउंटर पर प्रभारी अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सुबह 8 बजे तक स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया गया है। राज्य सरकार का कहना है कि पूरे कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और समय पर संपन्न कराने की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
Also Read : अब बिना RTO गए बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, ऑनलाइन टेस्ट की सुविधा शुरू






