रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव, झारखंड सरकार को ज्ञापन सौंपकर राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के समय में बदलाव करने की मांग की है।
सुबह की ठंड और कोहरे से परेशान छात्र
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि कांके, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, मेदिनीनगर और हजारीबाग समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। सुबह के समय घना कोहरा, 500 मीटर से कम दृश्यता और तेज शीतलहर के कारण बच्चों का स्कूल जाना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं और मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की चेतावनी दी है।
स्कूल समय में दो घंटे बदलाव की मांग
अजय राय ने मांग की कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के समय में कम से कम दो घंटे का बदलाव किया जाए, ताकि कक्षाएं सुबह 9 या 9:30 बजे से शुरू हों। साथ ही, अत्यधिक ठंड के दौरान खुले मैदान में सुबह की प्रार्थना न कराकर इसे कक्षा के भीतर आयोजित किया जाए। उन्होंने पूरे राज्य के लिए एक समान आदेश जारी करने की भी मांग की, ताकि स्कूलों में समय-सारणी को लेकर कोई भ्रम न रहे।
विद्यार्थियों की सेहत और सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण
इसके अलावा, जिन जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है, वहां कक्षाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने या ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराने पर भी विचार करने की मांग की गई है। अजय राय ने कहा कि विद्यार्थियों की सेहत और सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और ऐसे कठिन मौसम में सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
Also Read: देश के कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट






