धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गोविंदपुर के मां शांति गेस्ट हाउस से चार साइबर ठग गिरफ्तार

By Shreya

Published On:

Date:

धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गोविंदपुर के मां शांति गेस्ट हाउस से चार साइबर ठग गिरफ्तार

Dhanbad: साइबर अपराध के खिलाफ अभियान तेज करते हुए धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-2 पर खालसा होटल के पास स्थित मां शांति गेस्ट हाउस में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की कार जब्त की है।

इस संबंध में बुधवार को जानकारी देते हुए धनबाद सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी साइबर अपराधी गोविंदपुर क्षेत्र में गेस्ट हाउस में कमरा लेकर साइबर ठगी के बड़े गिरोह का संचालन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद डीएसपी शंकर कामती के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने मां शांति गेस्ट हाउस में छापेमारी कर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान गेस्ट हाउस से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, गेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की कार को भी जब्त किया गया, जिसके अंदर से पांच और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।

मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में व्हाट्सएप चैट के जरिए पैसे के लेन-देन, बैंक खातों की जानकारी, संदिग्ध लिंक, APK फाइलें और साइबर ठगी से संबंधित कई अहम साक्ष्य मिले हैं। जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर और उससे जुड़े बैंक खाते के खिलाफ NCRB/IMIS पोर्टल पर उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से चार साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गईं।

ठगी का तरीका
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को फोन कर विभिन्न तरह के प्रलोभन देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों के मोबाइल पर एक खतरनाक मैसेज या लिंक भेजते थे। जैसे ही ग्राहक उस मैसेज या लिंक पर टच करता, उसके मोबाइल का पूरा एक्सेस साइबर अपराधियों के पास चला जाता था। इसके जरिए वे बैंक खातों से पैसे की अवैध निकासी कर लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत यादव, पवन कुमार मंडल, राहुल कुमार मंडल और विपिन कुमार पासवान के रूप में हुई है। ये सभी झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की तकनीकी जांच जारी है।

Also Read: उरीमारी गोलीबारी की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली, प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी धमकी

Leave a Comment