Ranchi: झारखंड में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए उत्पाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। उत्पाद आयुक्त लोकेश कुमार मिश्रा ने विभागीय जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद और हजारीबाग के सहायक उत्पाद आयुक्तों को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही दो अवर निरीक्षकों को निलंबित भी कर दिया गया है।
दो सहायक आयुक्तों से जवाब-तलब
शो-कॉज नोटिस पाने वाले अधिकारियों में धनबाद के सहायक उत्पाद आयुक्त रामलीला रवानी और हजारीबाग के सहायक उत्पाद आयुक्त शिव कुमार साहू शामिल हैं। दोनों अधिकारियों से अपने-अपने इलाकों में अवैध शराब की रोकथाम में कथित लापरवाही को लेकर जवाब मांगा गया है।
एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो की छापेमारी जारी
उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर गठित एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) की विशेष टीम राज्यभर में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार छापेमारी कर रही है। अभियान के तहत कई ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है और अवैध शराब से संबंधित शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है।
दो अवर निरीक्षक निलंबित
जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर धनबाद और हजारीबाग के दो अवर निरीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में अमित कुमार गुप्ता और कृष्ण कुमार प्रजापति का नाम शामिल है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ उत्पाद आयुक्त ने निलंबन आदेश जारी किया है।
Also Read: छोटे भाई की हत्या के आरोप में ट्रायल झेल रहे आरोपी जितेंद्र स्वांसी साक्ष्य के अभाव में बरी






