जमशेदपुर: अब इंडेन समेत सभी पेट्रोलियम कंपनियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिना ई-KYC प्रक्रिया पूरी किए किसी भी उपभोक्ता को नया रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। गैस कनेक्शन तभी मिलेगा जब उपभोक्ता का आधार कार्ड नंबर दर्ज कर उसके मोबाइल पर भेजे गए ओटीपी से सत्यापन पूरा कर लिया जाए।
E-KYC कराना अनिवार्य
जमशेदपुर में इंडेन गैस सेवा से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए नया कनेक्शन लेने पर ई-KYC कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इतना ही नहीं, पुराने सभी ग्राहकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-KYC करा लें। पहली बार इंडेन ने ई-KYC को अनिवार्य बनाते हुए इसे लागू किया है, जबकि पहले पहचान की प्रक्रिया कागजों के आधार पर पूरी होती थी।
सुरक्षा के लिए सख्त हुए नियम
घरेलू एलपीजी कनेक्शन में बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने और फर्जी कनेक्शनों पर लगाम लगाने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों ने ई-KYC को अनिवार्य किया है। अगर कोई ग्राहक ई-KYC नहीं कराता है, तो भविष्य में गैस सिलिंडर की रीफिलिंग में भी परेशानी आ सकती है। कोल्हान क्षेत्र में इंडेन के सात लाख से ज्यादा कनेक्शन हैं, और इंडेन ने मार्च 2026 तक सभी उपभोक्ताओं को ई-KYC पूरा करने की अपील की है।
फर्जी कनेक्शनों पर नकेल
पेट्रोलियम कंपनियों ने बोगस कनेक्शनों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अब तक लगभग 10% फर्जी कनेक्शन लॉक किए जा चुके हैं। ऐसे में ई-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ता आगे सिलिंडर बुकिंग व रीफिलिंग में दिक्कत झेल सकते हैं। यह कदम उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, क्योंकि कई बार पुराने या टूटे पाइप से गैस लीक होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। इसी कारण सुरक्षा जांच और ई-KYC दोनों को अनिवार्य किया गया है।
पहले फोन कर आसानी से सिलिंडर बुक हो जाता था, लेकिन अब ऑनलाइन बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल पर ओटीपी भेजकर उसकी पुष्टि की जा रही है।
31 मार्च तक की समय सीमा
पिछले साल केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने निर्देश जारी किया था कि जिनके नाम पर गैस कनेक्शन है, उन्हें एजेंसी जाकर यह सत्यापित करना होगा कि सिलिंडर वही व्यक्ति ले रहा है। इसके लिए 31 मार्च तक की समय सीमा तय की गई है। सत्यापन के लिए आधार कार्ड दिखाना जरूरी होगा, और ई-KYC मशीन में अंगूठे का निशान देना होगा।
E-KYC नहीं करवाने पर नहीं मिलेगा सब्सिडी का लाभ
नए नियम के अनुसार, जो उपभोक्ता ई-KYC नहीं कराएंगे, उन्हें सस्ता सिलिंडर या सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। कुछ कंपनियों ने घर बैठे ऑनलाइन KYC की सुविधा भी शुरू की है। कोल्हान में सात लाख से ज्यादा इंडेन कनेक्शनों में उज्जवला योजना वाले कनेक्शन भी शामिल हैं, लेकिन वितरकों के अनुसार लगभग 50% उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी ई-KYC पूरी नहीं की है।
Also Read: रिकॉर्ड तोड़ ठंड! रांची-गुमला बना ‘छोटा मिनी लद्दाख’, कई जिलों का तापमान 5 डिग्री से भी नीचे






