कोडरमा स्टेशन पर जीआरपी ने 40 लाख रुपये जब्त, बिहार का युवक कोलकाता ले जा रहा था नकदी

By Shreya

Published On:

Date:

कोडरमा स्टेशन पर जीआरपी ने 40 लाख रुपये जब्त, बिहार का युवक कोलकाता ले जा रहा था नकदी

Koderama: गया–धनबाद रेलखंड पर स्थित कोडरमा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक बड़ी कार्रवाई में रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 40 लाख रुपये नकद के साथ एक युवक को हिरासत में लिया। युवक बिना किसी दस्तावेज़ के भारी रकम लेकर कोलकाता जाने की तैयारी में था।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

जीआरपी प्रभारी उपेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी राशि लेकर कोडरमा से कोलकाता जाने वाला है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम गठित की गई। मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर एक युवक बैग के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने जब पूछताछ की, तो युवक ने अपना नाम अमित कुमार (19 वर्ष), पिता सुनील बर्णवाल, निवासी सिकंदरा, जमुई (बिहार) बताया। बैग की जांच की बात सुनते ही युवक घबरा गया और टालमटोल करने लगा।

जांच में 40 लाख रुपये नकद बरामद

युवक के सहयोग न करने पर पुलिस उसे जीआरपी पोस्ट ले गई। बैग की तलाशी में भारी मात्रा में नोट बरामद हुए। शुरुआत में अमित ने बताया कि बैग में 25 लाख रुपये हैं और वह यह रकम सोना–चांदी के व्यवसाय के लिए गया–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता ले जा रहा था। लेकिन जब नोटों की गिनती की गई, तो कुल 40 लाख रुपये निकले। जीआरपी ने युवक से रकम से संबंधित वैध कागजात मांगे, जिसके लिए उसने एक दिन का समय लिया। बुधवार सुबह भी वह कोई दस्तावेज़ लेकर नहीं आया।

आयकर विभाग करेगा आगे की कार्रवाई

कागजात प्रस्तुत न होने पर जीआरपी प्रभारी ने मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी। एसडीओ कोडरमा से एक दंडाधिकारी की नियुक्ति का अनुरोध किया गया है, जिनकी मौजूदगी में पैसे की जब्ती सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद आरोपी युवक अमित कुमार और जब्त की गई राशि को आयकर विभाग के हवाले किया जाएगा, जहाँ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Also Read: कमला पसंद और राजश्री पान मसाला मालिक की बहू दीप्ति चौरसिया ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा—‘प्यार और विश्वास नहीं, तो रिश्ता क्यों?’

Leave a Comment