झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा गांव के पास चलाए जा रहे नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इस घटना में कोबरा बटालियन 209 के दो जवान घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मी और ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट उस समय हुआ जब सुरक्षाबल जंगल के भीतर सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। अचानक हुए धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेनू ने घटना की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने घायलों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियों ने विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और अतिरिक्त बलों को मौके पर तैनात किया गया है। साथ ही सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और हाल के दिनों में सुरक्षाबलों को कई अहम सफलताएं भी मिली हैं। नक्सलियों द्वारा की गई इस हिंसक कार्रवाई से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल के अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचें, सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की घटनाओं से उनका हौसला कमजोर नहीं होगा।
Also Read: रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा, सवारियों से भरी बस खेत में पलटी






