Ranchi: झारखंड शराब घोटाले की जांच तेज करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को दुमका में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ACB की एक विशेष टीम ने निलंबित IAS विनय चौबे के करीबी माने जाने वाले व्यवसायी श्रवण जालान के रिश्तेदार नवीन पटवारी के आवास पर छापेमारी शुरू की। सुबह से जारी इस कार्रवाई में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।
सूत्रों के मुताबिक नवीन पटवारी अपने तीन भाइयों के साथ इसी आवास में रहते हैं। छापेमारी के दौरान इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ आवास के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। मीडिया को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही और अधिकारी भी किसी प्रकार की जानकारी साझा करने से परहेज कर रहे हैं।
इससे एक दिन पहले, सोमवार को ACB ने रांची में श्रवण जालान के घर और कार्यालय पर भी छापेमारी की थी। इस दौरान टीम को अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले थे। इन सभी डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच जारी है। छापेमारी के वक्त श्रवण जालान अपने आवास पर मौजूद नहीं थे और पूरे समय कहीं दिखाई नहीं दिए। ऐसे में संभावना है कि ACB जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि विनय चौबे ने शराब घोटाले से हुई अवैध कमाई का एक बड़ा हिस्सा श्रवण जालान के जरिए विभिन्न जगहों पर निवेश किया है। इसी लाइन पर जांच को आगे बढ़ाते हुए एजेंसी लगातार चौबे और उनके करीबी लोगों से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और निवेश के सूत्र तलाश रही है।
इससे पहले रविवार को ACB ने विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी। साथ ही, चौबे के एक अन्य करीबी विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में बिहार के लखीसराय में भी टीम ने छापेमारी की थी।






