गढ़वा में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2500 किलोग्राम जावा महुआ और 200 लीटर अवैध महुआ शराब नष्ट

By Shreya

Published On:

Date:

गढ़वा में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2500 किलोग्राम जावा महुआ और 200 लीटर अवैध महुआ शराब नष्ट

Gadhwa: आगामी नववर्ष 2026 को देखते हुए गढ़वा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद निर्मल कुमार के नेतृत्व में अवर निरीक्षक उत्पाद निर्मल मरांडी एवं उत्पाद विभाग गढ़वा की पूरी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी छापामारी अभियान चलाया।

छापामारी मेराल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुलदुलवा पंचायत के चंद्रवंशी टोला, पीड़ापाठ और केश्वर खांड जंगल समेत अन्य इलाकों में की गई। अभियान के दौरान अवैध रूप से तैयार किया जा रहा करीब 2500 किलोग्राम जावा महुआ और 200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि उनके द्वारा जमा की गई अवैध सामग्री को जब्त कर नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

इस संबंध में अधीक्षक उत्पाद निर्मल कुमार ने बताया कि छापामारी स्थल से फरार हुए लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमसंगत अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Also Read: मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी का आयोजन

Leave a Comment