झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र: विपक्ष का हंगामा, सरकार पर फेल होने का आरोप

By Shreya

Published On:

Date:

झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र: विपक्ष का हंगामा, सरकार पर फेल होने का आरोप

Ranchi: झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी, आजसू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वे छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और किसानों के धान खरीद के समर्थन मूल्य को 3200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांगों को लेकर मुखर रहे।

बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विधायकों ने सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य के छात्र महीनों से छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही किसानों से किए गए वादे भी पूरे नहीं हो रहे। विपक्ष ने सरकार से जल्द से जल्द छात्रवृत्ति राशि जारी करने और धान का समर्थन मूल्य 3200 रुपये करने की मांग की।

किसान और छात्र दोनों परेशान—नीरा यादव

भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि सरकार ने किसानों से समर्थन मूल्य बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन उसे भूल गई। मजबूरी में किसान औने-पौने दाम में धान बेच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने से एससी-एसटी वर्ग के हजारों छात्र परेशान हैं, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही।

सरकार पूरी तरह फेल—लोजपा विधायक

लोजपा (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर फेल है। किसान और छात्र दोनों ही कठिन परिस्थिति में हैं। विपक्ष इन मुद्दों को सदन के अंदर और बाहर लगातार उठाता रहेगा।

आज दूसरे दिन भी रहेगा सत्र गरम

सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के तेवरों से साफ है कि सदन में कई मुद्दों पर गर्माहट बनी रहेगी। इसी बीच चालू वित्तीय वर्ष का द्वितीय अनुपूरक बजट भी सदन में पेश किया गया।

Also Read: रांची में फर्जी आरटीओ चालान लिंक से 4.28 लाख की साइबर ठगी, टाटीसिलवे निवासी ने दर्ज कराई शिकायत

Leave a Comment