झारखंड में शीतलहर का अलर्ट: अगले 6 दिन कड़ाके की ठंड

By Neha

Updated On:

Date:

झारखंड में शीतलहर का अलर्ट: अगले 6 दिन कड़ाके की ठंड

रांची : झारखंड में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और इसी को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कम से कम 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।  रांची मौसम केंद्र ने बताया कि पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। ऐसे में इन इलाकों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि ठंड से संबंधित दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

तापमान में 3–4 डिग्री की गिरावट

पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3–4 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे ठिठुरन और तेज महसूस होगी। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। कुल मिलाकर अगले 6 दिनों तक पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।

कई जगहों पर धुंध छाई रहेगी

मौसम केंद्र ने बताया कि 3 से 6 दिसंबर के बीच सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा या धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा। रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री तक रह सकता है। आने वाले दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक गिरने की संभावना है।

झारखंड में सबसे कम तापमान खूंटी में

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड और तेज महसूस हो रही है। पिछले 24 घंटों में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिसमें खूंटी जिले के अड़की में 1.0 मिमी वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेंटीग्रेड खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।

Also Read :झारखंड विधानसभा सत्र: नए परिसर के 750 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

Leave a Comment