रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के राजभवनों के नाम बदलने के लिए नया प्रस्ताव पेश किया है। बुधवार को विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा की कि रांची राजभवन का नाम अब ‘बिरसा भवन’ रखने का सुझाव दिया गया है, ताकि भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान दिया जा सके।
इसी तरह दुमका राजभवन के लिए ‘सिदो–कान्हू भवन’ नाम का प्रस्ताव लाया गया है, जो संताल विद्रोह के वीर नायक सिदो और कान्हू मुर्मू को समर्पित होगा।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में यह भी स्पष्ट किया कि राजभवन राज्य सरकार की संपत्ति है और संविधान के अनुच्छेद 154 के मुताबिक राज्य की कार्यकारी शक्तियाँ राज्यपाल के पास होती हैं। इसी आधार पर राज्य सरकार को इन भवनों का नामकरण तय करने का पूरा अधिकार प्राप्त है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में 3 दिसंबर को देश के सभी राजभवनों का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ करने का निर्देश दिया था, जिसे झारखंड ने भी अपनाया था। हालांकि अब राज्य सरकार ने अपने अलग प्रस्ताव के साथ स्थानीय नायकों के सम्मान में नए नाम तय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
Also Read:नींबू पहाड़ अवैध खनन केस: सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच को हरी झंडी दी






